इराक़ के प्रधानमंत्री ने कहा है कि खेद की बात है कि अब भी क्षेत्र के कुछ देशों में आतंकी गुट आईएसआईएल जैसे विचार रखने वाले लोग मौजूद हैं।
हैदर अलएबादी ने सोमवार की शाम बग़दाद में ईरान के वक़्फ़ बोर्ड के प्रमुख अली मुहम्मदी से मुलाक़ात में कहा कि तकफ़ीरी आतंकी गुट आईएसआईएल का ख़तरा केवल इराक़ तक सीमित नहीं है बल्कि यह गुट जातीय व क़बायली युद्ध भड़काने के प्रयास में है और यह पूरे क्षेत्र के लिए ख़तरा है। उन्होंने इसी प्रकार विभिन्न क्षेत्रों में तेहरान व बग़दाद के संबंधों के बारे में कहा कि इराक़ के पूर्व तानाशाह सद्दाम द्वारा ईरान व इराक़ के लिए खड़ी की गई समस्याओं के बावजूद आज इस्लामी गणतंत्र ईरान, आतंकी गुट आईएसआईएल से मुक़ाबले में इराक़ी राष्ट्र व सरकार के साथ खड़ा है। इराक़ के प्रधानमंत्री ने ईरान व इराक़ के सहयोग को रणनैतिक बताया और कहा कि दोनों देशों के धार्मिक विचार व दृष्टिकोण एक समान हैं और इराक़ सभी मैदानों में ईरान के साथ संबंध विस्तार का इच्छुक है।
इस मुलाक़ात में ईरान के वक़्फ़ बोर्ड के प्रमुख अली मुहम्मदी ने भी ईरान व इराक़ के राष्ट्रों के बीच पाई जाने वाली अत्यधिक समानताओं की ओर संकेत करते हुए कहा कि दोनों देशों की एकता व एकजुटता की रक्षा की जानी चाहिए।